विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। अनुमंडल पदाधिकारी बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी ने बुधवार को अनुमंडलीय अस्पताल बगहा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जांच के क्रम में डॉ. बालेश्वर शर्मा समेत कई एएनएम अनुपस्थित पाए गए। एसडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल के उपाधीक्षक को अनुपस्थित चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसी आवश्यक सेवा में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर उपस्थिति बेहद महत्वपूर्ण है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी एसडीओ ने आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा गार्डों का रोस्टर बोर्ड पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध रहे और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे। एसडीओ चांदनी कुमारी ने अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्था में सुधार लाने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद अस्पताल कर्मियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। संवाददाता द्वारा बालेश्वर शर्मा के दूरभाष पर पूछे जाने से बताया कि जिस समय मैडम के द्वारा जांच किया गया उस समय हमारी ड्यूटी नहीं थी उन्होंने बिना रोस्ट देख ही आदेश निर्गत कर दिया है।






