विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
65वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बेतिया द्वारा श्री मनोज कुमार, कार्यवाहक कमांडेंट के मार्गदर्शन में दिनांक 28/08/26 से 30/08/26 तक राष्ट्रीय खेल दिवस पूर्ण उत्साह एवं खेल भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वाहिनी मुख्यालय में वाहिनी कार्मिकों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान खो-खो, बैडमिंटन एवं कबड्डी प्रतियोगिताओं में वाहिनी के कार्मिकों ने पूरे उत्साह, जोश एवं खेल भावना के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से कार्मिकों ने अपनी शारीरिक दक्षता, टीम भावना, अनुशासन एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर कार्यवाहक कमांडेंट श्री मनोज कुमार ने कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल एवं शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। नियमित रूप से खेलों में भाग लेने से कार्मिकों की शारीरिक क्षमता, मानसिक स्फूर्ति, कार्यक्षमता एवं टीम भावना में वृद्धि होती है। राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य वाहिनी कार्मिकों को अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर खेल एवं शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने तथा फिट एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान वाहिनी के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए खेलों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।






