Thursday, April 16, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आर्ट्स एंड कल्चर फेस ऑफ चंपारण 2026 में बगहा का परचम, सागर सलवान बने विजेता

फेस ऑफ चंपारण 2026 में बगहा का परचम, सागर सलवान बने विजेता

0
29

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा, “पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है” — इस कहावत को सच कर दिखाया है बगहा के युवा सागर सलवान (24 वर्ष) ने। उन्होंने फेस ऑफ चंपारण 2026 में प्रथम स्थान प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे बगहा का नाम रोशन किया है। सागर बचपन से ही पढ़ाई के साथ-साथ मॉडलिंग के क्षेत्र में रुचि रखते थे। उनकी इस रुचि को माता-पिता का पूरा सहयोग मिला, जिसका परिणाम आज इस बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आया है। सागर के पिता प्रमोद सलवान, बगहा चीनी मिल में कई वर्षों से चीफ इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं और मूल रूप से पंजाब के निवासी हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपने परिवार के साथ बगहा में रहकर बेटे को आगे बढ़ने का हर संभव अवसर दिया।

अपनी सफलता पर सागर सलवान ने कहा कि उनका सपना राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक मॉडलिंग के क्षेत्र में पहचान बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह जीत उनके सफर की पहली सीढ़ी है और वे आगे भी लगातार मेहनत करते हुए अपनी मंजिल तक जरूर पहुंचेंगे। यह भव्य ग्रैंड फिनाले 12 अप्रैल 2026 को बेतिया स्थित होटल मीना रेजिडेंशियल प्लेस में आयोजित हुआ, जहां पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। “नंदनी ज्वेलर्स प्रस्तुत – मिस्टर, मिस, मिसेज फेस ऑफ चंपारण 2026” कार्यक्रम का आयोजन द स्पॉटलाइट टीम के सह-संयोजक सौरभ सिंह, दिशा गुप्ता और सुयश शरण द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में बेतिया मेयर गरिमा देवी शिकारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। प्रतिभागियों ने रैंप वॉक, आत्मविश्वास और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा और निर्णायकों के मूल्यांकन के बाद सागर सलवान को विजेता घोषित किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य चंपारण के युवाओं को एक ऐसा मंच देना था, जहां वे अपनी प्रतिभा को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा सकें। कार्यक्रम में विभिन्न प्रायोजकों और सहयोगियों का भी अहम योगदान रहा, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने का संकल्प दोहराया। यह ग्रैंड फिनाले न केवल यादगार रहा, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!