वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के गंडक नदी में आई बाढ़ के बाद प्रभावित इलाकों में पानी उतरने के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। हवाई अड्डा, भेरियारी, लक्ष्मीपुर चौक समेत अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में बाढ़ प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को बाढ़ के बाद होने वाली बीमारियों से बचाव को लेकर आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी भी ली। जलजमाव और दूषित पानी के कारण संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए लोगों को साफ पानी पीने, आसपास साफ-सफाई रखने और किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में पानी उतरने के बाद मच्छरों और अन्य संक्रमणजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का कार्य जारी रखा जा रहा है।






