वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
गंडक नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद अब बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलजनित बीमारियों और महामारी का खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। बाढ़ का पानी कई इलाकों से उतरने लगा है, लेकिन कुछ स्थानों पर अब भी पानी जमा हुआ है। ऐसे में पूर्व मुखिया राजलाल महतो ने जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने की मांग की है।
पूर्व मुखिया राजलाल महतो ने कहा कि रहुआ टोला, चकदहवा, कांही टोला, झंडू टोला सहित जिन क्षेत्रों में बाढ़ का पानी पहुंचा था, वहां पानी उतरने के बाद गंदगी, जलजमाव और दूषित पानी के कारण लोगों के बीच बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। कई जगहों पर अभी भी बाढ़ का पानी जमा है।

उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद प्रभावित गांवों में दवा का छिड़काव,ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव,साफ पेयजल की व्यवस्था और स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाने की जरूरत है। साथ ही लोगों को जलजनित बीमारियों से बचाव को लेकर जागरूक करने की भी मांग की गई। राजलाल महतो ने जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग से अपील की कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराकर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि बाढ़ के बाद किसी प्रकार की महामारी की स्थिति उत्पन्न न हो।





