Wednesday, September 9, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास एसटी आरक्षण को लेकर लोहार समाज ने सरकार को दी आंदोलन की...

एसटी आरक्षण को लेकर लोहार समाज ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी

0
20

रमेश ठाकुर – पश्चिम चंपारण, बिहार
दिनांक:- 09-09-2026

पटना। लोहार विकास मंच के नेतृत्व में रविवार को पटना के आईएमए हॉल में लोहार समाज के विभिन्न संगठनों की सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज किशोर शर्मा ने की। इसमें प्रदेश एवं जिलों से आए संगठन पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में लोहार समाज को अनुसूचित जनजाति (एसटी) आरक्षण का लाभ दिलाने सहित समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए लोहार विकाश मंच के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि लोहार आरक्षण के मामले में राज्य सरकार की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज की मांग को लेकर सरकार की ओर से अपेक्षित पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरक्षण का मामला संवैधानिक अधिकार से जुड़ा है और इसमें किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए।

मंच के प्रधान महासचिव परमेश्वर विश्वकर्मा ने कहा कि लोहार समाज को एसटी आरक्षण मिलना कानूनी एवं संवैधानिक रूप से उचित है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में लंबे समय से समाज की ओर से सरकार के समक्ष मांग रखी जाती रही है। प्रदेश सचिव पारस विश्वकर्मा ने कहा कि लोहार समाज के सभी संगठनों को एकजुट कर आरक्षण की मांग को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं मंच के सचिव अमर विश्वकर्मा ने राजनीतिक स्तर पर समाज को मजबूत करने और अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पिछले वर्षों में सरकार के समक्ष कई कार्यक्रमों और मांगों को रखा गया तथा सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने का प्रयास किया गया, लेकिन समाज में अब निराशा बढ़ रही है। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से आरक्षण के मुद्दे पर पहल की मांग को लेकर कई बार पत्राचार और संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन सकारात्मक पहल नहीं हो सकी।

लोहार युवा मोर्चा के महासचिव दिनेश शर्मा ने कहा कि यदि राज्य सरकार लोहार/लोहरा आरक्षण के संबंध में केंद्र सरकार को स्पष्ट जवाब नहीं भेजती है तो समाज सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि अधिकारों की मांग को लेकर संघर्ष को आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक में लोहार/लोहरा मुद्दे पर मुख्यमंत्री आवास के घेराव की चेतावनी भी दी गई। नेताओं ने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा और मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष राज किशोर शर्मा ने समाज के विभिन्न संगठनों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया। बैठक में सत्यनारायण शर्मा, भोला ठाकुर, राधेश्याम विजय शर्मा, रामसिंहासन शर्मा, पारस विश्वकर्मा, धनंजय शर्मा, रमेश ठाकुर (पत्रकार),दीनानाथ विश्वकर्मा, अशोक शर्मा, देवेंद्र शर्मा, सुधीर शर्मा, शत्रुघ्न ठाकुर, चंदन शर्मा, रामनाथ ठाकुर, धर्मनाथ शर्मा, विनोद शर्मा, केशो शर्मा सहित हजारों लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!