विजय कुमार शर्मा बगहा / अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण, बिहार
राष्ट्रव्यापी आह्वान पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) पश्चिम चंपारण द्वारा चलाए जा रहे पदयात्रा अभियान के तीसरे दिन मझौलिया प्रखंड में दो अलग-अलग जत्थे निकाले गए। एक जत्था पूर्वी चंपारण की सीमा श्रीपुर से, जबकि दूसरा जत्था चनपटिया प्रखंड की सीमा मोहच्छी बनकटवा से रवाना हुआ। दोनों जत्थों ने विभिन्न गांवों और बाजारों में जनसंपर्क अभियान चलाकर आम लोगों के बीच पार्टी के संदेश और मांगों को रखा। श्रीपुर से निकले जत्थे का नेतृत्व जिला नेता बब्लू दूबे, अशोक मिश्र और अंचल सचिव कृष्ण नंदन सिंह ने किया, जबकि मोहच्छी बनकटवा से निकले दूसरे जत्थे का नेतृत्व जिला नेता राधामोहन यादव, नौजवान नेता तारीक, सुबोध मुखिया, सचिव अतुल तिवारी और मोहन यादव ने किया।

दोनों जत्थों ने श्रीपुर, माधोपुर, सेनवरिया, बखरिया, जौकटिया, नानोसती, मझौलिया, खोढ़वा, पाटबंदी, मोहच्छी, भरवलिया, सरिसवा और पकड़ी सहित विभिन्न इलाकों में पहुंचकर लोगों से संपर्क किया और पार्टी के अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। भाकपा की ओर से यह पदयात्रा अभियान 6 अगस्त से लगातार जारी है, जो 15 अगस्त तक चलेगा। पदयात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ता महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और बढ़ते अपराध पर रोक लगाने, किसानों का कर्ज माफ करने, चार लेबर कोड वापस लेने, दलितों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित करने तथा बुलडोजर राज समाप्त करने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं।

इसके साथ ही देश के छात्रों और नौजवानों के भविष्य को सुरक्षित एवं रोजगार की गारंटी देने समेत विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। भाकपा नेताओं ने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य आम जनता को उनके अधिकारों और मौजूदा जनसमस्याओं के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों और नारों के साथ गांव-गांव पहुंचकर जनसंपर्क अभियान को आगे बढ़ाया।






