पं. भरत उपाध्याय ने कन्या जन्म को बताया परम सौभाग्य
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
मधुबनी, बगहा। बगहा अनुमंडल अंतर्गत मधुबनी प्रखंड स्थित राजकीय कृत हरदेव प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज के पूर्व प्राचार्य पं. भरत उपाध्याय के घर बिटिया के जन्म से खुशियों का माहौल है। उनकी पुत्रवधू ने कन्या रत्न को जन्म दिया है। नवजात के घर आगमन पर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और परिवार को बधाई दी। पं. भरत उपाध्याय ने कहा कि घर में कन्या का जन्म होना परम सौभाग्य की बात है। कन्या को लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है और उसके आगमन से परिवार में खुशियां एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि बेटियां केवल एक परिवार की खुशियां नहीं बढ़ातीं, बल्कि विवाह के बाद दो परिवारों को जोड़ने में सेतु की भूमिका भी निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि सृष्टि के संचालन और समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। भारतीय परंपरा में कन्या को देवी स्वरूप मानकर सम्मान देने की परंपरा रही है। घर में बिटिया का जन्म इसी समृद्ध परंपरा और खुशियों का प्रतीक है। कन्या के जन्म की खबर मिलते ही परिवार के लोगों और शुभचिंतकों में उत्साह देखने को मिला। सभी ने नवजात बच्ची के स्वस्थ, सुखी और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए परिवार को शुभकामनाएं दीं।






