Saturday, July 4, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास गौनाहा के मटियरिया विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

गौनाहा के मटियरिया विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

0
1

रमेश ठाकुर के साथ मेराज आलम- गौनाहा,प० चंपारण
दिनांक:-04-07-2026

गौनाहा प्रखंड अंतर्गत मटियरिया पंचायत भवन परिसर स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मटियरिया में शनिवार को प्रखंड 20 सूत्री उपाध्यक्ष विक्रमा चौधरी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय संचालन में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। विद्यालय में आठ शिक्षक पदस्थापित होने के बावजूद मात्र चार शिक्षक ही उपस्थित मिले, जबकि प्रधान शिक्षक सहित चार शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। सबसे गंभीर बात यह रही कि विद्यालय का कार्यालय बंद मिला, जिसके कारण शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकी। निरीक्षण के दौरान सहायक शिक्षक अशोक कुमार, त्रिलोकी कुमार, रामेश्वर प्रसाद एवं रीता गुप्ता उपस्थित मिले। वहीं प्रधान शिक्षक सचिन कुमार तथा सहायक शिक्षक आशीष कुमार वर्मा, दीपकधर द्विवेदी एवं निशा कुमारी श्रीवास्तव अनुपस्थित पाए गए। सातवीं कक्षा की छात्रा प्रतिमा कुमारी ने बताया कि दीपकधर द्विवेदी, आशीष कुमार वर्मा एवं निशा कुमारी श्रीवास्तव पिछले एक सप्ताह से विद्यालय नहीं आ रहे हैं, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि शुक्रवार को मध्याह्न भोजन के दौरान अंडा परोसने के बजाय छुट्टी के समय कच्चा अंडा दिया जाता है, जो सरकारी नियमों के अनुरूप नहीं है।

सहायक शिक्षक रामेश्वर प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को प्रधान शिक्षक सचिन कुमार ने उनसे प्रभार पंजी पर हस्ताक्षर तो करा लिया, लेकिन कार्यालय की चाबी एवं विद्यालय से संबंधित अभिलेख उन्हें उपलब्ध नहीं कराए। इसके कारण शनिवार को न तो शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज हो सकी और न ही विद्यार्थियों की, जिससे विद्यालय संचालन में कठिनाई उत्पन्न हुई। आठवीं कक्षा की छात्राएं सिमरन कुमारी, सोनम कुमारी, बिंद्यवासिनी कुमारी एवं सोनाक्षी कुमारी ने भी बताया कि विद्यालय में केवल चार शिक्षक ही उपस्थित हैं, जबकि प्रधान शिक्षक सहित तीन अन्य शिक्षक अनुपस्थित हैं। निरीक्षण के बाद प्रखंड 20 सूत्री उपाध्यक्ष विक्रमा चौधरी ने दूरभाष के माध्यम से आरओ सह प्रभारी बीईओ दीपक कुमार राम को पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में मिली अनियमितताओं की शिकायत वरीय अधिकारियों से भी की जाएगी ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व स्थानीय विधायक नंदकिशोर राम के सम्मान समारोह के दौरान मंदिर परिसर में ग्रामीणों ने प्रधान शिक्षक सचिन कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके स्थानांतरण की मांग भी की थी। इस संबंध में प्रधान शिक्षक सचिन कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला, जिसके कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!