विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
रामनगर (प. चम्पारण)। प्रखंड क्षेत्र के दिउलिया बभनी गांव में जहरीले सर्प के काटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामप्रबेश प्रसाद (उम्र लगभग 55 वर्ष), पिता नथु प्रसाद के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम करीब 7:30 बजे रामप्रबेश प्रसाद को घर के पास ही एक जहरीले सर्प ने काट लिया। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए रामनगर पीएचसी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। जीएमसीएच बेतिया में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। उनकी पुत्री की शादी हो चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में सर्पदंश से बचाव के लिए आवश्यक जागरूकता और सुविधाओं की मांग करते हुए प्रशासनिक मुआवजे की मांग की है।






