विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
चम्पारण के उभरते सितारे राजा भोजपुरिया की बहुप्रतीक्षित भोजपुरी फिल्म ‘जान से प्यारी बहना हमारी’ का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा का विषय बन गया है। बेहद कम समय में अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बनाने वाले राजा भोजपुरिया आज न सिर्फ देश बल्कि विदेशों में भी लोकप्रिय हो चुके हैं। खासकर नेपाल में उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है, जहां उनके स्टेज शो में टिकटों की जबरदस्त मांग रहती है और मंच पर आते ही दर्शक झूम उठते हैं। यह फिल्म बिहार के सुपौल जिले के सुंदर शहर बीरपुर में दहेज प्रथा जैसी कुप्रथा के खिलाफ एक मजबूत संदेश लेकर बनाई गई है। समाज में जड़ जमा चुकी इस बुराई पर सीधा प्रहार करती यह फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ जागरूकता फैलाने का भी काम करेगी। आज के दौर में ऐसी सामाजिक विषयों पर आधारित फिल्में सिनेमा की सार्थकता को नए आयाम देती हैं।

फिल्म के निर्माता कुमार सौरभ शर्मा, सह निर्माता राजन देसाई और निर्देशक रमेश बोगाटी हैं। कहानी और लेखन भी राजन देसाई ने किया है। सह निर्देशक प्रवीण मिश्रा व शैलेश एस राज हैं, जबकि गीतों की जिम्मेदारी राजा भोजपुरिया और ददन शर्मा ने संभाली है। संगीत में राजा भोजपुरिया और गौरव रौशन का योगदान है। छायांकन कृष्णा पाण्डेय व बंटी राज, संपादन राकेश महतो, मारधाड़ जया बिष्ठा और नृत्य निर्देशन रौनक साह का है।फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में डिजिटल स्टार सौरभ शर्मा, गोपाल चौहान, राजा भोजपुरिया, इंद्रसेन यादव, प्रियांशु सिंह, माधवी श्री, राहुल श्रीवास्तव सहित कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म के मुख्य नायक राजा भोजपुरिया और सौरभ शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि यह फिल्म भोजपुरी सिनेमा में एक नया मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि फिल्म के गीत और संवाद दर्शकों के दिलों को छू लेंगे।

ट्रेलर के माध्यम से दर्शकों को इस दमदार कहानी की एक झलक मिल चुकी है, जिसे भरपूर सराहना मिल रही है। राजा भोजपुरिया की लगातार आ रही फिल्मों और बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जा रही है।






