विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के तत्वावधान में बगहा एक प्रखंड के पिपरा ग्राम स्थित विकास वैभव चौराहा पर ‘अनुभूति भ्रमण यात्रा’ को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर बिहार के प्रांत संयोजक सुधांशु मिश्रा ने की।बैठक में बदलते पर्यावरणीय परिदृश्य पर विस्तार से चर्चा की गई। अपने संबोधन में सुधांशु मिश्रा ने कहा कि यदि समय रहते अधिक संख्या में वृक्षारोपण नहीं किया गया तो इसके गंभीर और भयावह परिणाम देखने को मिलेंगे। उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि पानी का अनावश्यक उपयोग आने वाले समय में बड़ी समस्या बन सकता है, जिससे मानव जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ेगा।

साथ ही उन्होंने पॉलिथीन के उपयोग को बंद करने की अपील करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत हर व्यक्ति को अपने घर से करनी चाहिए, क्योंकि पॉलिथीन पर्यावरण प्रदूषण का एक बड़ा कारण है।विभाग संयोजक डॉ. अमित रंजन ने आगामी 4 एवं 5 जुलाई को बगहा में आयोजित होने वाली ‘अनुभूति भ्रमण यात्रा’ के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के लिए बगहा जिले का चयन होना गर्व की बात है। जिला संयोजक जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से सैकड़ों पर्यावरण शोधकर्ता भाग लेंगे। ये सभी पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों के अंतर्गत पिपरा सहित अन्य स्थानों पर किए गए कार्यों का अवलोकन करेंगे, जिनका नेतृत्व पेड़ प्रमुख गजेंद्र यादव द्वारा किया जा रहा है।

बैठक में सह प्रांत संयोजक देबू दा, धार्मिक संस्थान प्रमुख महंत जी, विभाग संयोजक डॉ. अमित रंजन, जिला संयोजक जितेंद्र कुमार, समाजसेवी विनय जी, सामाजिक संस्था प्रमुख प्रेम शंकर सिंह, धार्मिक संस्था प्रमुख अशोक राव, युवा शक्ति प्रमुख सुनील कुमार, पेड़ प्रमुख गजेंद्र यादव सहित कमलेश चतुर्वेदी, रामलोचन प्रसाद, प्रेम कुशवाहा, मृत्युंजय दास और अन्य कई ग्रामीण उपस्थित रहे।






