आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। सीएचसी लौरिया से रेफर किए गए जुड़वां नवजातों को कथित तौर पर निजी क्लीनिक ले जाने की शिकायत सामने आई है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रौशन कुमार ने सिविल सर्जन, बीडीओ और थानाध्यक्ष को आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है। शिकायत के मुताबिक, मटियरिया गांव की रूपा कुमारी ने सात अक्टूबर को सीएचसी में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। दोनों नवजातों का वजन कम होने के कारण चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच रेफर किया था। आरोप है कि इस दौरान निजी क्लीनिक के दो कर्मचारी प्रसूता और उनके परिजनों को बच्चों के साथ अपने क्लीनिक ले गए।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने संबंधित लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि पहले भी निजी क्लीनिक संचालकों को चेतावनी दी गई थी।थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि शिकायत की जांच चल रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






