Tuesday, April 21, 2026
No menu items!
Google search engine
Home एजुकेशन नौवीं कक्षा की छात्राओं का भव्य स्वागत, मार्गदर्शन से बढ़ा उत्साह

नौवीं कक्षा की छात्राओं का भव्य स्वागत, मार्गदर्शन से बढ़ा उत्साह

0
19

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा। नगर स्थित 10+2 सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, पटखौली बगहा-02 में सोमवार को नौवीं कक्षा में नामांकित छात्राओं के लिए प्रथम दिवस पर विशेष स्वागत एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा नई छात्राओं का तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कराकर कक्षा में प्रवेश कराया गया, जिससे छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान रुबीना खातून, रागिनी कुमारी, चांदनी कुमारी और सीता कुमारी सहित कई छात्राओं ने अपने पहले दिन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि विद्यालय में मिले स्वागत, मार्गदर्शन और प्रेरणा से वे काफी उत्साहित हैं।इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई छात्राओं को विद्यालय के वातावरण से परिचित कराना, पढ़ाई के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाध्यापक नागेंद्र प्रसाद के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने छात्राओं को विद्यालय के नियम-कायदे, अनुशासन, समय-प्रबंधन और नियमित उपस्थिति के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नौवीं कक्षा से ही छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर होकर मेहनत शुरू कर देनी चाहिए, ताकि आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके। इस मौके पर शिक्षकों ने भी छात्राओं को पढ़ाई की सही रणनीति, विषय चयन, परीक्षा की तैयारी के तरीके और आत्मविश्वास बनाए रखने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि कठिन परिश्रम, लगन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को विद्यालय की विभिन्न सुविधाओं—पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों—की जानकारी दी गई और उन्हें इन संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

साथ ही वरिष्ठ छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए नई छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। अंत में सभी छात्राओं ने पूरी लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन प्रधानाध्यापक नागेंद्र प्रसाद द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।इस अवसर पर हरेंद्र यादव, हिमांशु कुमार मालवीय, मधुरेंद्र कुमार सिंह, कुमार लव, प्रकाश श्रीवास्तव, अरविंद मिश्रा, प्रवीण कुमार, प्रियंका कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!