विभिन्न विभागों के लगाए गए स्टॉल, योजनाओं की जानकारी लेने उमड़े ग्रामीण
अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण, बिहार
मझौलिया। प्रखंड क्षेत्र की चार पंचायतों बरवा सेमरा घाट, हरपुर गढ़वा, सरिसवा एवं रमपुरवा महनवा में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी देने के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने, उनके आवेदन प्राप्त करने तथा संबंधित मामलों के समाधान के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं जरूरतों से संबंधित जानकारी अधिकारियों और कर्मियों के समक्ष रखी।

इस दौरान रमपुरवा महनवा पंचायत के मुखिया डॉ. चंद्रिका साह ने प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन को सम्मानित किया। मुखिया ने कहा कि इस तरह के सहयोग शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का बेहतर माध्यम हैं। पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी और सुविधा मिलने से ग्रामीणों को प्रखंड कार्यालय का बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलती है। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।मौके पर कार्यक्रम पदाधिकारी तरुण कुमार, समाजसेवी उपेंद्र कुमार, एचएम विजय यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






