अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण बिहार
मझौलिया। ग्रामीण विकास विभाग, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में मंगलवार, 29 सितंबर 2026 को ग्राम पंचायत राज करमवा के पंचायत सरकार भवन में आवास प्लस-2024 की प्रारूप सूची के अनुमोदन को लेकर ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की अध्यक्षता मुखिया अरुणा देवी ने की।
इस दौरान मुखिया पति मोहन गुप्ता, उपमुखिया मनोज प्रसाद, ललन साह, वार्ड सदस्य शिव शहनी सहित पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस-2024 की सिस्टम जनरेटेड प्रारूप सूची पर विस्तार से चर्चा की गई। सूची के सत्यापन, पात्र लाभुकों के चयन एवं अनुमोदन से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के बीच विचार-विमर्श किया गया।

इस दौरान ग्रामीणों ने भी आवास योजना से संबंधित अपनी समस्याओं एवं सुझावों को ग्राम सभा के समक्ष रखा।
इस मौके पर मुखिया पति मोहन गुप्ता ने कहा कि पंचायत के जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। आवास प्लस-2024 की सूची में पात्र लाभुकों का चयन पूरी पारदर्शिता एवं नियमानुसार हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। पंचायत के किसी भी पात्र परिवार को योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े, इसके लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने पंचायतवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी पात्र परिवार का नाम सूची में छूट गया है अथवा सूची को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति या समस्या है, तो ग्राम सभा के माध्यम से अपनी बात रखें, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
ग्राम सभा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में आवास प्लस-2024 की प्रारूप सूची के सत्यापन एवं अनुमोदन से संबंधित प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।
बैठक में पंचायतवासियों की समस्याओं को सुनते हुए उनके उचित समाधान के लिए आवश्यक पहल करने पर भी चर्चा की गई।






