विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया (प. चंपारण): दिनांक 11 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक पश्चिम चंपारण, बेतिया श्री शौर्य सुमन के जनता दरबार में एक वृद्ध व्यक्ति को बड़ी राहत मिली। रामनगर थाना क्षेत्र के सोनखर निवासी लगभग 70 वर्षीय श्री बिंदा प्रसाद ने लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री और दामाद ने धोखे से उनके डाकघर में जमा पूरे पैसे निकलवा लिए। आवेदन में उन्होंने बताया कि वे इलाज के सिलसिले में अपनी पुत्री के घर कमलनाथ नगर आए थे, जहां उनके साथ यह घटना हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन ने तत्काल संज्ञान लिया और नगर थाना अध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस की त्वरित पहल के बाद नगर थाना द्वारा कार्रवाई करते हुए वृद्ध के पुत्री और दामाद से कुल ₹2 लाख 75 हजार रुपये वापस करवाए गए। इस कार्रवाई से पीड़ित वृद्ध को बड़ी राहत मिली। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस सक्रियता और तत्परता की सराहना की है। जनता दरबार के माध्यम से इस तरह की समस्याओं का त्वरित समाधान होने से आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ा है।






