छठ और दीपावली को लेकर शांति समिति की बैठक, घाटों की सफाई व सुरक्षा पर जोर

0
IMG-20261029-WA0036.jpg

लाउडस्पीकर बजाने के लिए लेनी होगी अनुमति, प्रतिबंधित घाटों पर जाने और प्रतिबंधित पटाखे फोड़ने पर रहेगी रोक

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा, पश्चिम चंपारण। छठ और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को बगहा अनुमंडल सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा ने की। इस दौरान पर्व के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था, छठ घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामनगर सत्येंद्र राम, बगहा-2 एवं रामनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी, बगहा और रामनगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, रामनगर के अंचल अधिकारी, बगहा-2 के राजस्व अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा बगहा, पटखौली और रामनगर के थानाध्यक्ष, अग्निशमन विभाग बगहा के थानाध्यक्ष, उत्पाद विभाग के पुलिस निरीक्षक तथा रामनगर के पुलिस निरीक्षक ने भी बैठक में भाग लिया। मौके पर बगहा, रामनगर एवं बगहा-2 प्रखंड के जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

छठ घाटों पर सुरक्षा और साफ-सफाई पर जोर

बैठक में छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था तथा संवेदनशील एवं प्रतिबंधित घाटों पर लोगों की आवाजाही रोकने से संबंधित आवश्यक निर्देशों की जानकारी दी गई। प्रशासनिक स्तर पर पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सतर्कता बरतने पर भी चर्चा हुई।

लाउडस्पीकर के लिए अनुमति अनिवार्य

बैठक में स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान लाउडस्पीकर का प्रयोग करने के लिए संबंधित प्राधिकारी से अनुमति लेना आवश्यक होगा। वहीं, छठ घाटों पर प्रतिबंधित पटाखे फोड़ने पर पूर्ण रोक रहेगी। प्रशासन ने पर्व के दौरान नियमों का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य छठ और दीपावली को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना रहा। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!