वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के नौरंगिया दोन में भालू की चहलकदमी, ग्रामीणों में दहशत
वन क्षेत्र के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत, भालू की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा (पश्चिम चंपारण)। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के नौरंगिया दोन क्षेत्र में इन दिनों भालू के विचरण की सूचना से आसपास के ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। वन विभाग की ओर भालू की गतिविधियां देखे जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद जंगल के आसपास रहने वाले लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, नौरंगिया दोन वन क्षेत्र के आसपास भालू की चहलकदमी देखी जा रही है। वन क्षेत्र के नजदीक रहने वाले ग्रामीणों को आशंका है कि जंगल से निकलकर भालू आबादी वाले इलाकों की ओर भी आ सकता है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।ग्रामीणों का कहना है कि जंगल के आसपास खेतों में काम करने वाले किसानों, पशुपालकों और जंगल की ओर आने-जाने वाले लोगों को सतर्क रहना चाहिए। खासकर सुबह और शाम के समय अकेले जंगल की तरफ जाने से बचना जरूरी है। भालू जैसे वन्यजीव अचानक सामने आने पर खतरा पैदा कर सकते हैं।

वहीं, वन्यजीवों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने और उन्हें देखकर भीड़ नहीं लगाने की आवश्यकता है। भालू दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने, पीछा करने या उसे भगाने की कोशिश करने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए और तत्काल वन विभाग को सूचना देनी चाहिए। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।वाल्मीकि टाइगर रिजर्व वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है। ऐसे में मानव और वन्यजीवों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। फिलहाल ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
