बाइक की मांग पर पहले टूटी थी शादी, दूसरी शादी करने जा रहे दूल्हे को बनाया बंधक ।।
ढाई लाख रुपए और सोने की चेन लौटाने की मांग पर अड़ा रहा लड़की पक्ष, पुलिस के हस्तक्षेप से मुक्त हुआ दूल्हा ।।
अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण, बिहार
मझौलिया थाना क्षेत्र के शेख मंझरिया पंचायत के पुरशोतीपुर गांव में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दूसरी शादी करने जा रहे एक दूल्हे को ग्रामीणों ने रास्ते में घेरकर बंधक बना लिया। सूचना पर सरपंच और तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी समझाने-बुझाने के बाद लड़की पक्ष ने दूल्हे को पुलिस के हवाले कर दिया।पंचायत के सरपंच संजय कुमार पटेल के अनुसार, पुरशोतीपुर निवासी इमाम अली ने अपनी पुत्री की शादी पूर्वी चंपारण के मलाही थाना क्षेत्र के चटिया निवासी कलामुद्दीन मियां के पुत्र मजुल्लाह आलम से तय की थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी के लिए ढाई लाख रुपये नकद और सोने की चेन दी गई थी। 25 मार्च 2026 को शादी होनी थी, लेकिन ऐन मौके पर अपाची बाइक की मांग को लेकर बारात नहीं आई और शादी टूट गई।इसके बाद इमाम अली ने मलाही थाने में कांड संख्या 140/26 दर्ज कराते हुए दूल्हे समेत उसके पिता, माता, भाई और साढ़ू को आरोपित किया था। मामला चल ही रहा था कि लड़की पक्ष को पता चला कि दूल्हे की दूसरी शादी सुगौली थाना क्षेत्र के श्रीपुर में तय कर दी गई है।शुक्रवार को इसकी जानकारी मिलने पर लड़की पक्ष ने हरसिद्धि थाना क्षेत्र के कन्छेदवा में दूल्हे की गाड़ी रोक ली और उसे पुरशोतीपुर ले आया। सूचना पर मझौलिया, मलाही और हरसिद्धि थाने की पुलिस पहुंची। पूर्व में दी गई रकम लौटाने की मांग पर अड़े लड़की पक्ष को न्याय का भरोसा दिलाया गया, जिसके बाद दूल्हे को पुलिस के हवाले कर दिया गया। इधर, श्रीपुर पहुंचे बाराती लौट गए। शनिवार को श्रीपुर में पंचों की मध्यस्थता से निकाह संपन्न कराया गया।
