सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त, तीन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज, दो गिरफ्तार।

0
IMG-20261025-WA0055.jpg

जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर अतिक्रमणकारियों एवं भू-माफियाओं के विरुद्ध अभियान तेज।

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिले में सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण एवं भू-माफियाओं के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी श्री तरनजोत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी करगहिया, थाना नंबर-132 स्थित पूसाधारी फार्म की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कराए जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई की गई। इस मामले में तीन व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जबकि दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर ने बताया कि दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न में पूसाधारी फार्म की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर निर्माण कार्य कराए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया। एसडीएम, बेतिया सदर के निर्देश पर आरओ, बेतिया राज, अंचलाधिकारी, बेतिया सदर तथा थानाध्यक्ष, मुफस्सिल थाना बेतिया की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण कार्य को रुकवाया।

कार्रवाई के दौरान निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री को जब्त किया गया तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। मौके पर मौजूद बंटी कुमार , अभिषेक सुमन द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों के साथ वाद-विवाद किए जाने तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और विधि-व्यवस्था भंग करने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई। इस मामले में बंटी कुमार , अभिषेक सुमन एवं संजय राय के विरुद्ध बेतिया मुफस्सिल थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बंटी कुमार एवं अभिषेक सुमन को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जिलाधिकारी श्री तरनजोत सिंह के निर्देशानुसार सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने, अतिक्रमण कर निर्माण कार्य कराने तथा प्रशासनिक कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकारी भूमि की सुरक्षा, अतिक्रमण पर रोक तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!