विदेश में नौकरी की तैयारी अब लौरिया में, एचएस ट्रैवल्स की शुरुआत
आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। विदेश में रोजगार पाने की इच्छा रखने वाले युवाओं को जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लौरिया में एचएस टेस्ट ट्रेनिंग एंड ट्रैवल्स कार्यालय खोला गया है। होंडा एजेंसी के बगल में स्थित कार्यालय का उद्घाटन मंगलवार को प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर संस्थान के डायरेक्टर रहमानी साहेब उर्फ सोनू ने कहा कि विदेश में नौकरी करने जाने वाले लोगों को वीजा, पासपोर्ट और यात्रा से जुड़ी प्रक्रियाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अलावा, संबंधित रोजगार के अनुरूप प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने की भी योजना है, ताकि विदेश जाने वाले लोग काम की आवश्यकताओं को समझकर अपनी तैयारी कर सकें।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य आशुतोष मल्ल, लाकड़ सिसई पंचायत के पूर्व मुखिया गुल अनवर खान और बगही बसवरिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि इंतेखाब अहमद उर्फ गोलू खान सहित अन्य लोग शामिल हुए। स्थानीय स्तर पर इस कार्यालय की शुरुआत से विदेश में रोजगार के अवसर तलाशने वाले लोगों को जानकारी जुटाने और आवश्यक तैयारियों के संबंध में सहायता मिलने की संभावना है।
