अस्पताल के संविदा/लैब कर्मी पर आरोप, महिला पुलिस पदाधिकारी कर रहीं मामले की जांच
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। जीएमसीएच बेतिया में इलाजरत महिला की देखभाल कर रही उसकी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की लिखित शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, अस्पताल के एक संविदा/लैब कर्मी पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अस्पताल परिसर के बाहर स्थित अपने डेरे पर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप है। मामले में नगर थाना कांड संख्या 595/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1) एवं पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के तहत दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त रविरंजन, पिता कमलेश यादव, निवासी हरदिया भुवाल, थाना मटियरिया को सूचना मिलने के करीब चार घंटे के भीतर शाम 4:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी महिला पुलिस पदाधिकारी को सौंपी गई है। घटनास्थल, अस्पताल परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ अन्य तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। बेतिया पुलिस ने कहा है कि मामले में समयबद्ध तरीके से आरोप-पत्र न्यायालय में दाखिल कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से अभियुक्त को कठोर सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।






