आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। बाढ़ से हुई फसल क्षति के आकलन और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया को गति देने के लिए गुरुवार को लौरिया प्रखंड सभागार में अंचलाधिकारी आशु रंजन की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं अंचल कर्मियों की बैठक हुई। सीओ ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने पंचायतों में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का अवलोकन कर फसल क्षति की जानकारी उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही अंचल कर्मियों के सहयोग से क्षति का स्थल निरीक्षण एवं समुचित आकलन कराकर रिपोर्ट तैयार की जाए।

सीओ ने निर्देश दिया कि क्षति से संबंधित विवरण दो दिनों के अंदर अंचल कार्यालय में जमा किया जाए, ताकि सत्यापन के बाद फसल क्षति मुआवजा पोर्टल पर प्रतिवेदन समय से समर्पित किया जा सके। बैठक में प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी, सभापति प्रतिनिधि संजय कुमार, उपसभापति प्रतिनिधि लड्डू सिंह, मुखिया संजय पाठक, अनिल कुमार, अविनाश शेखर, मैमुलाह मियां, लालबहादुर साह, समिति प्रतिनिधि इफ्तखार अहमद, वार्ड सदस्य विनय तिवारी, अमित कुमार, वीरेंद्र राय समेत अंचल कर्मी मौजूद रहे।सभापति प्रतिनिधि संजय कुमार को नगर पंचायत के वार्ड 1, 2 एवं 3 में बाढ़ से हुई क्षति का अवलोकन कराने को कहा गया। वहीं दनियाल परसौना के मुखिया मैमुलाह मियां ने नदी किनारे स्थित वार्ड 10, 11 एवं 12 में हुई विशेष क्षति की जानकारी बैठक में रखी।






