विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। मंगलपुर में गंडक नदी से हो रहे कटाव का शुक्रवार को वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार ने स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सांसद ने मौके पर मौजूद सहायक अभियंता को कटावरोधी कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कटाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभाग की ओर से बोल्डर पिचिंग कार्य का प्रस्ताव भेजने का भी निर्देश दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों की शिकायत पर सांसद ने मौके से ही एनएच के कार्यपालक अभियंता से निर्माणाधीन आरओबी की प्रगति के संबंध में अद्यतन जानकारी ली। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि आरओबी के निर्माण को लेकर नए सिरे से निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है।

सांसद सुनील कुमार ने पटखौली से लेकर बीबीएन कॉलेज तक जर्जर एनएच सड़क की स्थिति पर भी नाराजगी जताते हुए कार्यपालक अभियंता को सड़क की जल्द मरम्मत कराने का निर्देश दिया। इस पर कार्यपालक अभियंता ने यथाशीघ्र सड़क की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि क्षेत्र में चल रहे विकास एवं कटावरोधी कार्यों में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

मौके पर जदयू नेता राकेश सिंह, जितेंद्र कुशवाहा, अखिलेश कुमार साह, श्रेयांशु कुमार, दुर्गेश पाण्डेय, सन्नी सरकार, कृष्णा कुमार, लक्ष्मण निषाद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






