Monday, September 14, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास विद्यालय मार्ग पर गंदगी से परेशान छात्र-छात्राएं, पंचायत से सफाई की मांग

विद्यालय मार्ग पर गंदगी से परेशान छात्र-छात्राएं, पंचायत से सफाई की मांग

0
16

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा प्रखंड-1 अंतर्गत चखनी राजवटिया पंचायत क्षेत्र में विद्यालयों के आसपास रास्ते पर गंदगी फैलाए जाने से छात्र-छात्राओं सहित आम राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर पेटिट मेमोरियल उच्च विद्यालय, चखनी एवं संत तरेसा कन्या विद्यालय के विद्यालय प्रबंधन की ओर से ग्राम पंचायत राज चखनी राजवटिया के मुखिया रवि रंजन उर्फ लाल बाबू यादव को लिखित आवेदन देकर समस्या के समाधान की मांग की गई है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम पंचायत भवन के गेट से संत तरेसा कन्या विद्यालय के गेट तक तथा कब्रिस्तान के गेट से पेटिट मेमोरियल उच्च विद्यालय के गेट तक जाने वाले रास्ते पर रात के समय कुछ स्थानीय लोगों द्वारा खुले में शौच करने के साथ-साथ कूड़ा-कचरा फेंका जा रहा है।

इसके कारण सड़क के आसपास गंदगी फैलने के साथ दुर्गंध की समस्या उत्पन्न हो रही है। इससे आवागमन करने वाले लोगों और विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी हो रही है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, गंदगी के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। छात्र-छात्राओं को दुर्गंध से बचने के लिए नाक और मुंह कपड़े से ढककर रास्ते से गुजरना पड़ता है। इससे बच्चों को परेशानी होने के साथ उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।आवेदन के माध्यम से पंचायत के मुखिया से मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल का निरीक्षण कराने, रास्ते पर खुले में शौच एवं कूड़ा-कचरा फेंकने पर रोक लगाने तथा पंचायत स्तर पर बहाल सफाई कर्मियों के माध्यम से उक्त मार्गों की नियमित सफाई कराने की मांग की गई है। इधर, विद्यालय प्रबंधन की ओर से छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के साथ बैठक भी आयोजित की गई।

बैठक में स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। निर्णय के अनुसार 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को खुले में शौच नहीं करने, सड़क पर कूड़ा-कचरा नहीं फेंकने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि पंचायत और ग्रामीणों के सहयोग से इस समस्या का स्थायी समाधान संभव है। स्वच्छ वातावरण मिलने से विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों के साथ आम लोगों को भी राहत मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!