आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। कटैया पंचायत के फुलवरिया गांव में शनिवार को नवविवाहिता मुन्नी उर्फ निशी कुमारी (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के बेडरूम में बिछावन पर मिला। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया।
मृतका के भाई डुमरी निवासी भटूमन गोसाईं ने आरोप लगाया कि करीब तीन माह पूर्व बहन की शादी चंदन कुमार गिरी से हुई थी। शादी में क्षमता के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन ससुराल वाले कथित तौर पर बाइक और दो लाख रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। शनिवार को चंदन ने फोन कर पत्नी की मौत की सूचना दी। परिजन पहुंचे तो शव बिछावन पर मिला।
प्रभारी थानाध्यक्ष प्रियंका रंजन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।






