SSB 21वीं वाहिनी द्वारा अंतर क्षेत्रक कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, क्षेत्रक मुख्यालय गया बना चैंपियन

0
IMG-20260907-WA0026.jpg

रोमांचक फाइनल मुकाबले में क्षेत्रक मुख्यालय बेतिया की टीम रही उप-विजेता।

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

SSB 21वीं वाहिनी द्वारा कमांडेंट श्री तपेश्वर संबित राउत के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन से दिनांक 06.09.2026 एवं 07.09.2026 को अंतर क्षेत्रक कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में सीमान्त मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, पटना के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रक मुख्यालय गया, क्षेत्रक मुख्यालय बेतिया, क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया एवं क्षेत्रक मुख्यालय मुजफ्फरपुर की चार सशक्त टीमों ने अपने दम-खम का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान उक्त टीमों के बीच कई रोमांचक कबड्डी मुकाबले आयोजित किए गए। सभी टीमें पूरे उत्साह एवं जोश के साथ अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद फाइनल मैच में क्षेत्रक मुख्यालय गया की टीम विजेता रही, जबकि क्षेत्रक मुख्यालय बेतिया की टीम उप-विजेता रही।

प्रतियोगिता के समापन पर प्रस्तुति समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कमांडेंट श्री तपेश्वर संबित राउत द्वारा विजेता, उप-विजेता टीमों सहित प्लेयर ऑफ दी टूर्नामेंट, प्लेयर ऑफ दी मैच, बेस्ट रेडर एवं बेस्ट डिफेंडर को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कमांडेंट महोदय ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल से न केवल शारीरिक फिटनेस बढ़ती है, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारा भी सुदृढ़ होता है, जो सीमा सुरक्षा जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस खेल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बल के जवानों में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना, आपसी समन्वय एवं खेल भावना को बढ़ावा देना है। अंतर क्षेत्रक कबड्डी प्रतियोगिता के माध्यम से जवानों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना भी और अधिक मजबूत होगी।

यह प्रतियोगिता न केवल जवानों को शारीरिक रूप से फिट रखेगी, बल्कि “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” और “फिट इंडिया” के संकल्प को भी साकार करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!