आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े 1.25 लाख से अधिक लंबित ई-चालानों के निपटारे की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में 90 दिनों से अधिक पुराने ई-चालानों का निष्पादन किया जाएगा। इसके लिए 7 सितंबर से प्री-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू होगी। कार्रवाई मुख्यमंत्री यातायात चालान निपटान योजना 2026 के तहत होगी। जिला परिवहन पदाधिकारी अमित राज ने बताया कि परिवहन विभाग के निर्देश पर लंबित ई-चालानों का जिलावार डाटा तैयार कर लिया गया है। परिवहन विभाग के साथ मोटरयान निरीक्षक, प्रवर्तन अवर निरीक्षक, पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा जारी चालान भी लोक अदालत में निपटाए जाएंगे। टोल प्लाजा से जारी लंबित ई-चालान भी इसके दायरे में होंगे। लोगों को प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए जागरूकता प्रचार रथ रवाना किया गया है। यह रथ 10 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को लोक अदालत में चालान निपटाने की प्रक्रिया की जानकारी देगा। अधिकारियों को अधिक से अधिक मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।






