आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
चनपटिया/बेतिया। बकरा चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कार की डिक्की से पांच बकरे बरामद किए हैं। कैथवलिया-लौरिया मुख्य पथ पर दुर्गा मंदिर तीनमोहानी के पास गश्त के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर भूरे रंग की होंडा कार को रोककर तलाशी ली। डिक्की खोलते ही पुलिस भी हैरान रह गयी। अंदर पांच बकरे एक-दूसरे के ऊपर बांधकर रखे गये थे। पुलिस ने सभी बकरों को बाहर निकालकर सुरक्षित किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के शिवपुर थाना क्षेत्र के कठबतिया निवासी रामचंद्र पाल और वाराणसी के सिंधोरा थाना क्षेत्र के गरथमा निवासी महेंद्र प्रताप के रूप में हुई है।अपर थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि पूछताछ में बकरा चोरी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी दिन में गांवों में घूमकर बकरों की रेकी करते थे और रात में चोरी कर कार से उत्तर प्रदेश ले जाकर बेचते थे। पुलिस अब चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित गिरोह के सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।






