SSB बगहा में संदीक्षा मिलेट्स मेला-2026 का भव्य आयोजन, महिला सशक्तिकरण और स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 21वीं वाहिनी, बगहा में 21 अक्टूबर 2026 को संदीक्षा मिलेट्स मेला-2026 का भव्य आयोजन किया गया। संदीक्षा अध्यक्षा श्रीमती कुसुम संगमा राउत एवं कमांडेंट श्री तापेश्वर संबित राउत के कुशल निर्देशन में आयोजित इस मेले में महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बगहा नगर परिषद की उपसभापति श्रीमती रश्मि रंजन रहीं। कार्यक्रम के दौरान संदीक्षा अध्यक्षा श्रीमती कुसुम संगमा राउत ने कहा कि संदीक्षा, सशस्त्र सीमा बल के अधिकारियों एवं बलकर्मियों की पत्नियों के सामाजिक, शैक्षणिक और कौशल विकास के लिए महत्वपूर्ण मंच है।

उन्होंने मिलेट्स को भारत सरकार द्वारा दिए गए नाम ‘श्री अन्न’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक दायित्व का सुंदर उदाहरण है। मुख्य अतिथि श्रीमती रश्मि रंजन ने संदीक्षा परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सराहनीय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने लगातार दूसरे वर्ष मेले में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे स्वस्थ भारत की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। वहीं, कमांडेंट श्री तापेश्वर संबित राउत ने कहा कि मिलेट्स हमारी प्राचीन संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

ऐसे आयोजनों से लोगों में पौष्टिक खानपान के प्रति जागरूकता बढ़ती है और सांस्कृतिक परंपराओं को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए संदीक्षा सदस्याओं के प्रयासों की प्रशंसा की। मेले में संदीक्षा सदस्याओं ने मिलेट्स से तैयार विभिन्न पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए। इनमें बाजरा खीर, रागी पूरी-छोले, ज्वार टिक्की चाट, रागी इडली, ज्वार दही बड़ा, रागी मोमोज, बाजरा-रागी लिट्टी-चोखा, रागी मिल्क शेक, ज्वार पुलाव और ज्वार-बाजरा पकोड़ा आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अतिरिक्त मनोरंजन के लिए गेम्स के स्टॉल लगाए गए तथा बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारी, संदीक्षा सदस्याएं, अधीनस्थ अधिकारी, जवान, नवआरक्षी, मीडिया प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मेले के माध्यम से पौष्टिक आहार अपनाने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और भारतीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
