विश्वामित्र मार्केट में जल्द मिलेगी बड़ी राहत, 9.33 लाख से बन रहा सार्वजनिक शौचालय

0
IMG-20260903-WA0061.jpg

आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार

बेतिया/आशीष पाण्डेय शहर के व्यस्त विश्वामित्र मार्केट में खरीदारी करने आने वाले लोगों और दुकानदारों को जल्द ही सार्वजनिक शौचालय की सुविधा मिलने वाली है। नगर निगम की ओर से वार्ड 15 में 9 लाख 33 हजार रुपये की लागत से सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। महापौर ने कहा कि विश्वामित्र मार्केट और आसपास के सघन बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में दुकानदार, खरीदार और आम नागरिक पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा यहां लंबे समय से महसूस की जा रही जरूरत थी। उन्होंने कहा कि खासकर बाजार में आने वाली महिलाओं के लिए यह सुविधा काफी महत्वपूर्ण साबित होगी।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और युवाओं से भी निर्माण की गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि योजना सरकारी राशि से बन रही है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ आम लोगों को मिलना है। इसलिए निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की सामूहिक निगरानी जरूरी है। महापौर ने स्थानीय लोगों से कहा कि निर्माण कार्य में कहीं भी कमी दिखाई दे तो इसकी जानकारी तत्काल नगर निगम को दें। उन्होंने कहा कि विकास योजनाएं महज सरकारी भवन या ढांचा नहीं, बल्कि जनता की सुविधा के लिए तैयार होने वाली स्थायी संपत्ति हैं। बेहतर निर्माण और जनभागीदारी से ही ऐसी योजनाओं का लंबे समय तक लाभ मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!