परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप
आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। शहर के अस्पताल रोड स्थित चर्चित चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार के क्लिनिक में इलाज के दौरान गुरुवार को एक महिला की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लिनिक में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। मृतका की पहचान नौतन थाना क्षेत्र के खापटोला निवासी लाल बाबू प्रसाद की पत्नी सरस्वती देवी के रूप में हुई है। मृतका के पति लाल बाबू प्रसाद ने बताया कि उनकी पत्नी को डायरिया होने की आशंका के बाद इलाज के लिए डॉ. दिलीप कुमार के यहां लाया गया था। परिजनों के अनुसार, चिकित्सक ने इलाज के दौरान ईको कराने की बात कही थी। पति का आरोप है कि सुबह करीब नौ बजे से दोपहर दो बजे तक ईको नहीं कराया गया और इसी दौरान उनकी पत्नी की हालत बिगड़ गई। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और क्लिनिक में हंगामा करने लगे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस संबंध में चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। उन्होंने इलाज में किसी तरह की लापरवाही से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने मरीज का उचित इलाज किया है। घटना के संबंध में परिजनों ने प्रशासन से सहायता की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक शव क्लिनिक में ही था। पुलिस ने मामले में परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।






