आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। बंगाली चौक पर पान-गुटखा की दुकान की आड़ में गांजा बेचने की सूचना पर लौरिया पुलिस ने छापेमारी कर 1 किलो 148 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से दुकानदार सुधन साह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गुरुवार को जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि बुधवार को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाली चौक स्थित पान-गुटखा की दुकान से चोरी-छिपे गांजा की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद दारोगा जयशल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम में सुग्रीव कुमार, अमिताभ नैन समेत पुलिस बल शामिल थे।

पुलिस टीम ने नरकटियागंज मार्ग स्थित पारस साह के पुत्र सुधन साह की दुकान पर छापेमारी कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। अंचल राजस्व अधिकारी सह मजिस्ट्रेट राहुल कुमार अग्रवाल की मौजूदगी में बरामद गांजा का वजन कराया गया, जो 1 किलो 148 ग्राम निकला। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। गुरुवार को भी पुलिस ने क्षेत्र की कई दुकानों में जांच और छापेमारी की।






