आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
योगापट्टी। घर-परिवार की जिम्मेदारियों ने शंभू यादव को गांव से सैकड़ों किलोमीटर दूर चंडीगढ़ पहुंचाया था। मेहनत कर परिवार का सहारा बनने वाले 36 वर्षीय शंभू की मोहाली में हुए एक हादसे में मौत हो गई। घटना मोहाली फेज-9 में काम करने के दौरान हुई, जहां लिफ्ट टूटने से वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे के बाद घायल शंभू को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर गांव पहुंचते ही ननकार में चीख-पुकार मच गई। शंभू योगापट्टी प्रखंड के मच्छरगांवा नगर पंचायत क्षेत्र के रहने वाले थे।

परिजनों के अनुसार, शंभू चंडीगढ़ में रहकर मजदूरी करते थे और उनकी कमाई से परिवार चलता था। अचानक कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार के सामने आर्थिक परेशानी भी उत्पन्न हो गई है। मृतक के पिता गंगा यादव समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। लिफ्ट किस वजह से टूटी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। गांव में शंभू की मौत को लेकर शोक का माहौल है।






