सड़क हादसे में पिकअप की चपेट में आई महिला की मौत
आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। पेट्रोल खत्म होने के बाद बेटे ने मां को सड़क किनारे खड़ा किया और बाइक के लिए पेट्रोल लेने चला गया। कुछ ही देर बाद तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे खड़ी मां को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल मुबीना खातून की बेतिया ले जाने के दौरान मौत हो गई। घटना गुरुवार को एनएच-727 स्थित मठिया चौक के पास हुई।मुबीना खातून योगापट्टी प्रखंड के शनिचरी थाना क्षेत्र के बकुचिया गांव के वार्ड-7 निवासी सफाजुल खान की पत्नी थीं। जानकारी के अनुसार वह अपने पुत्र साहिल खान के साथ बाइक से इलाज कराने लौरिया सीएचसी जा रही थीं। मठिया चौक पहुंचने पर बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। साहिल मां को सड़क किनारे खड़ा कर पेट्रोल लेने चला गया। इसी बीच लौरिया से बेतिया की ओर जा रही पिकअप ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने वाहन का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी। शनिचरी पुलिस ने पिकअप को रोक लिया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। 112 की टीम ने घायल महिला को लौरिया सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि पिकअप जब्त कर ली गई है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। मुबीना के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं।






