अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के रमपुरवा नवका टोला स्थित महादलित बस्ती, वार्ड नंबर-9 में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रेनबो इंटरनेशनल अकैडमी, मझौलिया की बच्चों से भरी स्कूली वैन स्कूल जाते समय अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी में पलट गई।बताया जाता है कि हादसे के समय वैन में करीब 11 बच्चे सवार बताए जा रहे हैं। वैन के पानी में पलटते ही बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। बिना देर किए कई ग्रामीण पानी में उतर गए और जान जोखिम में डालकर वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उन्हें उनके घर पहुंचाया गया।

हालांकि, राहत की बात रही कि हादसे में कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई। दुर्घटना के दौरान बच्चों के टिफिन और स्कूल बैग भी पानी में गिर गए, जिन्हें ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला।
स्थानीय ग्रामीण मोहम्मद अमानुल्लाह ने बताया कि करीब 11 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके परिजनों तक पहुंचाया गया। ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वैन को पानी से बाहर निकाला गया।थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले में अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। विद्यालय में छुट्टी होने के बाद भी निजी विद्यालय संचालकों की मनमानी
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने लिया संज्ञान
इधर, ईद-ए-मिलाद के मौके पर सरकारी अवकाश के बावजूद निजी विद्यालय संचालित किए जाने का मामला भी तूल पकड़ने लगा है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हफीजुर्रहमान ने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि विभागीय नियमों के विपरीत छुट्टी के दिन विद्यालय संचालन की बात सामने आई है। विद्यालय का क्यूआर कोड रद्द करने के लिए विभाग को पत्र भेजा जा रहा है।






