Tuesday, August 25, 2026
No menu items!
Google search engine
Home दुनिया PMFME योजना में सर्वाधिक स्वीकृतियों के लिए बिहार को मिला ‘बेस्ट स्टेट’...

PMFME योजना में सर्वाधिक स्वीकृतियों के लिए बिहार को मिला ‘बेस्ट स्टेट’ सम्मान

0
9

नई दिल्ली में आयोजित PMFME कॉन्क्लेव में बिहार की उपलब्धि को मिली राष्ट्रीय पहचान

रमेश ठाकुर – पश्चिम चंपारण, बिहार
दिनांक:- 25-08-2026

पटना/नई दिल्ली, 25 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के प्रभावी क्रियान्वयन और योजना के तहत सर्वाधिक संख्या में स्वीकृतियां प्राप्त करने के लिए बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर ‘बेस्ट स्टेट’ के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। नई दिल्ली में आयोजित PMFME कॉन्क्लेव में यह सम्मान बिहार को सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को बढ़ावा देने और छोटे उद्यमियों को संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया। सम्मान केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान ने बिहार सरकार के उद्योग विभाग के निदेशक, एमएसएमई एवं खाद्य प्रसंस्करण श्री अमन समीर को प्रदान किया। बिहार की इस उपलब्धि को राज्य में सूक्ष्म उद्यमिता और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की बढ़ती संभावनाओं के रूप में देखा जा रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान ने कहा कि PMFME योजना का उद्देश्य देशभर के छोटे खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ना तथा उन्हें आवश्यक वित्तीय और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराना है। बिहार द्वारा सर्वाधिक स्वीकृतियां प्राप्त कर ‘बेस्ट स्टेट’ का सम्मान हासिल करना राज्य में उद्यमिता और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बिहार के उद्यमियों के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।

बिहार की इस उपलब्धि पर उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि PMFME योजना के तहत मिला ‘बेस्ट स्टेट’ सम्मान राज्य के सूक्ष्म उद्यमियों और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों की क्षमता एवं मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि छोटे उद्यमियों को वित्तीय सहायता, तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार से जुड़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान बिहार में स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमिता को और गति देने के साथ-साथ खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में नए उद्यम स्थापित करने के लिए युवाओं और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहित करेगा। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों का औपचारिकीकरण और उन्नयन करना है। योजना के माध्यम से उद्यमियों को तकनीकी उन्नयन, आधारभूत संरचना, ब्रांडिंग, क्षमता निर्माण और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। इससे छोटे खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को संगठित क्षेत्र से जुड़ने और अपने कारोबार को विस्तार देने में मदद मिलती है। बिहार को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान राज्य में सूक्ष्म उद्यमिता, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे राज्य के छोटे और सूक्ष्म उद्यमियों को नई ऊर्जा मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!