विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
मधुबनी। बगहा अनुमंडल क्षेत्र के गंडक पार मधुबनी प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में दिव्यांगजनों के बीच विभिन्न सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख विजया सिंह एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंदन कुमार की उपस्थिति में क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से पहुंचे दिव्यांग लाभुकों को बैट्री चालित ट्राई साइकिल, सहायक छड़ी, श्रवण यंत्र सहित अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए गए।

सहायक उपकरण मिलने के बाद दिव्यांगजनों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इन उपकरणों से उन्हें दैनिक जीवन में आवागमन सहित कई कार्यों में सुविधा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित दिव्यांगजनों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया।

इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख विजया सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों का कल्याण, सम्मान और सशक्तिकरण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है, ताकि दिव्यांगजन किसी पर निर्भर रहने के बजाय आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वहीं, बीडीओ कुंदन कुमार ने कहा कि पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने दिव्यांगजनों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उसका लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दिव्यांगजनों के बीच सहायक उपकरणों के वितरण को सरकार की कल्याणकारी पहल बताते हुए इसकी सराहना की।

अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।






