Thursday, August 20, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास मां की हत्या कर 45 हजार रुपये ले गया कलयुगी पुत्र, 12...

मां की हत्या कर 45 हजार रुपये ले गया कलयुगी पुत्र, 12 घंटे में पुलिस ने किया

0
7

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

हरसिद्धि थाना पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर नजमा खातून हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए मृतका के पुत्र आलम हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा डैगर चाकू तथा हत्या के बाद छिपाकर रखे गए 45 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। पुत्र ने ही अपनी मां की हत्या कर घटना को अपहरण और लूट का रूप देने के लिए झूठी कहानी रची थी।
जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त को पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव निवासी झुमन मियां ने हरसिद्धि थाने में आवेदन देकर बताया कि उनकी पत्नी नजमा खातून 18 अगस्त को अपने पुत्र आलम हुसैन के साथ अरेराज बैंक से 45 हजार रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से घर लौट रही थीं। माधोपुर चिमनी के समीप चार अपराधियों द्वारा दोनों को रोककर मारपीट करने तथा नजमा खातून को रुपये सहित अगवा कर लिए जाने की बात बताई गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की। अनुसंधान के दौरान पुलिस को आलम हुसैन के बयान में लगातार विरोधाभास मिला। घटनास्थल तक आने वाले रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी कोई संदिग्ध व्यक्ति उनके पीछे आता-जाता नहीं दिखा। पूछताछ में आलम कभी बाइक तो कभी बोलेरो से अपराधियों के आने की बात बता रहा था।


पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतका और आलम की चप्पलें बरामद कीं। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आलम के गर्दन पर ईख के पत्ते से कटने का निशान मिला, जबकि घटना के समय पहने उसके कपड़ों पर भी खून के धब्बे पाए गए। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी मां की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, आलम ने बताया कि वह अपनी मां को अरेराज ले जाने के बहाने साथ निकला था। उसने पहले ही अरेराज से एक डैगर खरीदा था। सेवराहा पहुंचने के बाद उसने अपनी मां को मोटरसाइकिल पर बैठाया और चिमनी के पास ले गया। वहां चावल का बोरा ईख के खेत में रखे होने की बात कहकर मां को खेत की ओर भेज दिया। इसी दौरान डैगर से वार कर उसकी हत्या कर दी और उसके पास मौजूद 45 हजार रुपये लेकर डैगर समेत अन्य सामान ईख के खेत में फेंक दिया।
हत्या के बाद घटना को अपहरण और लूट का रूप देने के लिए आलम सड़क पर लेटकर रोने लगा और ग्रामीणों को चार अपराधियों द्वारा मां को अगवा किए जाने की झूठी कहानी सुनाई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा डैगर और उसके घर में छिपाकर रखे गए रुपये बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!