विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
सामुदायिक स्तर पर टीकाकरण को बढ़ावा देने की दिशा में सीओपीडी (कम्युनिटी ऑफ प्रैक्टिस फॉर डिमांड) कार्यक्रम के तहत बगहा -1,प्रखंड की मझौआ और पतिलार पंचायतों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। दोनों पंचायतों में सभी पात्र बच्चों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कर उन्हें शत-प्रतिशत टीकाकरण वाली पंचायत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इस उपलब्धि में पंचायत प्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों और सीओपीडी टीम के सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पतिलार पंचायत की मुखिया श्रीमती पायल मिश्रा एवं मझौआ पंचायत के मुखिया श्री रुदल मुशाहत ने सीओपीडी कार्यक्रम के साथ मिलकर अपने-अपने पंचायतों के परिवारों को बच्चों के नियमित एवं समय पर टीकाकरण के लिए लगातार प्रेरित किया। जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से पात्र परिवारों तक पहुंच बनाकर बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया। आज की तारीख में दोनों पंचायतों के प्रत्येक पात्र लाभार्थी परिवार के बच्चों का टीकाकरण पूरा हो चुका है, जो पंचायत स्तर पर सामुदायिक नेतृत्व और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की सराहना करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बगहावन द्वारा दोनों पंचायतों के मुखिया को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि टीकाकरण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें पंचायत प्रतिनिधियों और पूरे समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बगहा-01 प्रखंड की सभी 24 पंचायतों के मुखिया से अपील की कि वे सीओपीडी कार्यक्रम के साथ मिलकर अपने-अपने पंचायतों में पात्र बच्चों की पहचान, परिवारों की जागरूकता और समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास करें, ताकि बगहावन प्रखंड की प्रत्येक पंचायत को शत-प्रतिशत टीकाकरण वाली पंचायत बनाया जा सके। मझौआ और पतिलार पंचायत की यह उपलब्धि अन्य पंचायतों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण है।






