वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
थाना क्षेत्र के भेड़िहारी वन क्षेत्र में बाघ के हमले में किसान विजय हालदार की मौत के बाद ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमों का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. बुधवार को पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता राजेश सिंह भेड़िहारी पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने परिवार को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी तथा मृतक की पुत्री की पढ़ाई का खर्च उठाने का आश्वासन दिया. इसके बाद भेड़िहारी चौक पर ग्रामीणों के साथ बैठक कर पूर्व मंत्री ने उनकी समस्याएं सुनीं. ग्रामीणों ने बताया कि 15 अगस्त को विजय हालदार की मौत के बाद हुए प्रदर्शन को समाप्त कराने के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी, एसडीपीओ निहार भूषण, एसएसबी के सहायक कमांडेंट अवधेश कुमार और वाल्मीकिनगर पुलिस के अधिकारियों के साथ वार्ता हुई थी.

ग्रामीणों का दावा है कि उस दौरान प्रदर्शन में शामिल लोगों पर कार्रवाई नहीं करने की बात कही गई थी. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद वन विभाग की ओर से 34 नामजद लोगों पर कानूनी कार्रवाई की गई. वहीं, वाल्मीकिनगर थाना पुलिस ने 300 से 350 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है. ग्रामीणों का कहना था कि कई नामजद लोग प्रदर्शन में शामिल तक नहीं थे. पूर्व मंत्री राजेश सिंह ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों और एसडीएम से बातचीत की जाएगी. उन्होंने कहा कि गरीब ग्रामीणों पर दर्ज मामलों को वापस लेने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के हमले में मौत की यह तीसरी घटना है, इसलिए ग्रामीणों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं को गंभीरता से उठाया जाएगा.






