Wednesday, August 19, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास गंडक कटाव से बचाव को लेकर विधायक ने जल संसाधन मंत्री से...

गंडक कटाव से बचाव को लेकर विधायक ने जल संसाधन मंत्री से की मुलाकात

0
19

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा। अनुमंडल क्षेत्र के गंडक पार दियारा इलाके में गंडक नदी के भीषण कटाव से उत्पन्न गंभीर स्थिति को लेकर वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने पहल तेज कर दी है। चिउरही पंचायत, सिसई पंचायत तथा बगहा-02 प्रखंड के मंगलपुर अवसानी क्षेत्र में कटाव के कारण गांव, विद्यालय और मुख्य सड़क पर लगातार खतरा मंडरा रहा है। इन महत्वपूर्ण संरचनाओं और ग्रामीणों को सुरक्षित रखने के लिए स्थायी कटाव निरोधी कार्य की आवश्यकता को विधायक ने गंभीरता से उठाया। इसी मुद्दे को लेकर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी से मुलाकात कर गंडक पार दियारा क्षेत्र की भयावह स्थिति से अवगत कराया। विधायक ने नदी के लगातार बढ़ते कटाव से प्रभावित गांवों, विद्यालयों, सड़कों और ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी देते हुए स्थायी समाधान की मांग रखी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जल संसाधन मंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही स्थायी कटाव निरोधी कार्य की दिशा में ठोस पहल करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक सुविधाएं बहाल करने का आदेश दिया। गौरतलब है कि गंडक नदी के कटाव से दियारा क्षेत्र के कई गांवों में ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ रही है। कटाव की चपेट में आने से कृषि भूमि, आवासीय क्षेत्र, विद्यालय और आवागमन के मार्ग प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में ग्रामीणों की मांग है कि अस्थायी बचाव कार्य के साथ-साथ दीर्घकालिक और स्थायी कटाव निरोधी योजना तैयार कर उसका शीघ्र क्रियान्वयन कराया जाए। विधायक की इस पहल को स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्या को सरकार के स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। यह केवल नदी के कटाव को रोकने की मांग नहीं, बल्कि गांव, स्कूल, सड़क और हजारों लोगों के भविष्य को सुरक्षित रखने की लड़ाई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सरकार और विभागीय स्तर पर त्वरित पहल होने से गंडक कटाव की समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!