मृतक की नहीं हो सकी पहचान, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच; कार और बाइक के परखच्चे उड़े
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। रतवल-धनहा मुख्य मार्ग पर नदी थाना क्षेत्र में मंगलवार को कार और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।घटना की सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।

मौके पर मिले वाहनों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर UP 57 BW 8337 नंबर अंकित है, जो होंडा कंपनी की एसपी शाइन बाइक बताई जा रही है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर BR 01 AM 6611 है, जो मारुति सुजुकी की वैगनआर बताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि बाइक सवार के पास कथित रूप से मांस था, जबकि कार में शराब होने की बात सामने आई है। हालांकि, इन दोनों बिंदुओं की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। यदि यह बात जांच में सही पाई जाती है तो यह भी गंभीर सवाल खड़ा होगा कि बाइक सवार कथित रूप से मांस कहां से लेकर कहां जा रहा था और कार में मौजूद शराब कहां ले जाई जा रही थी।

पुलिस के लिए अब दुर्घटना के साथ-साथ इन दोनों मामलों की भी जांच महत्वपूर्ण हो गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहनों में कथित रूप से मौजूद सामान कहां से आया और उसे कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही दुर्घटना के समय कार और बाइक की गति तथा टक्कर के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है। नदी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतक की पहचान होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।

फिलहाल पुलिस की जांच और बरामद सामान की सत्यता सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।






