विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा में नागपंचमी एवं महावीरी झंडा 2026 पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगहा एवं रामनगर, नगर परिषद बगहा एवं रामनगर के कार्यपालक पदाधिकारी, समादेष्टा बगहा, प्रखंड विकास पदाधिकारी बगहा-1, बगहा-2 एवं रामनगर, अंचल अधिकारी बगहा-1, बगहा-2 एवं रामनगर, रामनगर के थानाध्यक्ष, पटखौली थाना, अग्निशमन विभाग, ट्रैफिक पुलिस सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा शांति समिति के सदस्यों ने भी बैठक में भाग लिया।बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी ने कहा कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी नागपंचमी एवं महावीरी झंडा पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाया जाएगा। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी संवेदनशील एवं चिन्हित स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। जुलूस एवं पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने शांति समिति के सदस्यों एवं आम लोगों से पर्व के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने को कहा गया। बैठक में अधिकारियों ने पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन व्यवस्था तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी को लेकर आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक इंतजाम किए जाएंगे।






