Sunday, August 9, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास 8 दिनो से लापता बालक का नहीं मिला सुराक, बगहा में कैंडल...

8 दिनो से लापता बालक का नहीं मिला सुराक, बगहा में कैंडल मार्च के बाद बढ़ता जनाक्रोश

0
2

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा (पश्चिम चंपारण): बगहा नगर थाना क्षेत्र के रामधाम मंदिर वार्ड से लापता 11 वर्षीय बालक गौतम कुमार का आठ दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बच्चे की गुमशुदगी को लेकर अब पूरे इलाके में चिंता के साथ-साथ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है। परिजनों की लगातार गुहार और पुलिस की कोशिशों के बावजूद अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। जानकारी के अनुसार, गौतम कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गया था। घटना के बाद परिजनों ने नगर थाना में आवेदन देकर खोजबीन की अपील की, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद बच्चे का पता नहीं चल सका। परिवार इस समय गहरे सदमे में है और हर पल अपने बच्चे की सकुशल वापसी की उम्मीद में बैठा है। इसी क्रम में शनिवार की देर शाम बगहा नगर में हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। बूढ़े, नौजवान और महिलाएं हाथों में मोमबत्तियां लेकर कैंडल मार्च में शामिल हुए और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। लोगों ने एक स्वर में बच्चे की जल्द बरामदगी की मांग की। कैंडल मार्च में पूर्व बगहा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे जयेश मंगल सिंह भी शामिल हुए और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की।

वहीं, इससे पहले बच्चे के 72 घंटे तक लापता रहने के दौरान बीते मंगलवार को लोगों का गुस्सा उफान पर आ गया था। परिजनों और स्थानीय मछली व्यवसायियों ने बगहा-बेतिया मुख्य मार्ग (NH-727B) को जाम कर टायर जलाते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बगहा नगर थानाध्यक्ष शैलेष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि बालक की तलाश के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है। डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है।

कैंडल मार्च के दौरान बगहा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी रहे जयेश मंगल सिंह ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण स्थिति बिगड़ती जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बच्चे का पता नहीं चलता है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल, पूरा बगहा शहर गौतम कुमार की सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहा है, जबकि प्रशासन पर जल्द से जल्द इस मामले का खुलासा करने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!