विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर वन विभाग मदनपुर के सहयोग से एक सराहनीय पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 100 से अधिक बच्चों के बीच प्रत्येक को पांच-पांच पौधों का वितरण किया गया।
इस पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम में कॉपरेटिव कोचिंग सेंटर, नारायणपुर बगहा-2 तथा सनफ्लावर चिल्ड्रेन्स एकेडमी, पटखौली बगहा-2 के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और स्थानीय लोगों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

आसपास के लोगों ने भी पौधे प्राप्त कर उन्हें लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कोचिंग सेंटर के निदेशक निप्पू कुमार पाठक ने सभी उपस्थित लोगों को संकल्प दिलाते हुए कहा कि हर वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखें।
उन्होंने प्लास्टिक जैसे प्रदूषक पदार्थों के उपयोग से बचने और कपड़े एवं कागज के थैलों के इस्तेमाल पर जोर दिया।

साथ ही लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम ने न सिर्फ बच्चों में बल्कि पूरे क्षेत्र में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया।






