विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया, 27 जुलाई , 65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बेतिया के कमांडेंट श्री नंदन सिंह मेहरा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में 10+2 प्रोजेक्ट बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पटखौली के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 27 जुलाई 2026 को विद्यालय परिसर में वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर 65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के बल कार्मिकों, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा भावी पीढ़ी में प्रकृति संरक्षण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।

विद्यालय के प्राचार्य श्री नागेन्द्र प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते वैश्विक तापमान, जलवायु परिवर्तन, भूमि कटाव एवं घटते भूजल स्तर जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण, स्वच्छ वायु, जल संरक्षण तथा मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने शास्त्रों में वर्णित वृक्षों के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा—
दस कुओं के बराबर एक बावड़ी, दस बावड़ियों के बराबर एक सरोवर, दस सरोवरों के समान एक पुत्र तथा दस पुत्रों के समान एक वृक्ष का महत्व होता है। कार्यक्रम के उपरांत 65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कार्मिकों द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को भारतीय सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPFs), राज्य पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती हेतु विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को एनडीए, सीडीएस, अग्निवीर, एसएससी जीडी, एसएससी सीपीओ तथा अन्य भर्ती प्रक्रियाओं की पात्रता, चयन प्रक्रिया, शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा एवं चिकित्सा परीक्षण के संबंध में जानकारी देकर राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें नियमित अध्ययन, शारीरिक फिटनेस एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया।

65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बेतिया द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने एवं हरित पर्यावरण के निर्माण का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।






