वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
बगहा। वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के संतपुर सोहरिया पंचायत अंतर्गत संतपुर पंचायत भवन में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा ग्रामीणों के साथ एक जन-जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसएसबी अधिकारी लोकेश बनिया ने की। इस अवसर पर ग्राम विकास, युवाओं के कौशल विकास, शिक्षा, नशा मुक्ति, मानव तस्करी की रोकथाम तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए एसएसबी अधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों, विशेषकर युवाओं और युवतियों को कौशल प्रशिक्षण (स्किल डेवलपमेंट) से जोड़ें, ताकि वे प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें और रोजगार के अवसर हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में युवाओं को नशे की लत से दूर रखना अत्यंत आवश्यक है, इसके लिए अभिभावकों को अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देने और उन्हें गलत संगति से बचाने की जरूरत है।

इसके साथ ही बच्चों को बेहतर और उच्च शिक्षा दिलाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज का समग्र विकास संभव है और आने वाली पीढ़ी को एक बेहतर भविष्य मिल सकता है। ।कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया गया तथा ग्रामीणों के बीच पौधों का वितरण भी किया गया। एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर ही ग्लोबल वार्मिंग के दुष्प्रभावों को कम किया जा सकता है और पर्यावरण को संतुलित रखा जा सकता है। बैठक में मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति गांव में आकर प्रलोभन देकर लोगों को बहलाने-फुसलाने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसएसबी या स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस मौके पर समवाय प्रभारी गंडक बराज निरीक्षक लोकेश बनिया, समाजसेवी शंभु काज़ी, राजकुमार काज़ी, नंद किशोर परदेसी, संतोष कुमार, शुभम मलिक, मुहम्मद कैफ समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






