वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
हारनाटांड़ में चर्चित कौटिल्य हत्याकांड को लेकर शनिवार को तीन आरडी स्थित शिव मंदिर प्रांगण में लोहार समाज के समाजसेवियों एवं बुद्धिजीवियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मृतक छात्र के परिजन भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने तथा मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। बैठक में मृतक प्रिंस कुमार के दादा गोपाल शर्मा, पिता राज किशोर शर्मा तथा चाचा नंदकिशोर शर्मा भी उपस्थित रहे।

परिजनों ने घटना की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की। बैठक में समाजसेवी लड्डू शर्मा,यश प्रकाश और मनोज शर्मा ने कहा कि समाज किसी भी स्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की सुनवाई में तेजी लाने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने न्याय की मांग को लेकर एकजुट रहने का संकल्प लिया और कहा कि यदि समय पर न्याय नहीं मिला तो आगे व्यापक जनआंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।






